पेड़ के नीचे विधानसभा अध्यक्ष ने लगाई चौपाल, अधिकारियों को दिया दिशा निर्देश
बिहार विधानसभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आज गयाजी अंतर्गत कंडी क्षेत्र में निर्माणाधीन जैव विविधता पार्क का स्थल निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गया जीः बिहार विधानसभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आज गयाजी अंतर्गत कंडी क्षेत्र में निर्माणाधीन जैव विविधता पार्क का स्थल निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत कुल 60 हेक्टेयर भूमि पर पार्क का विकास किया जा रहा है, जिसकी कुल लागत ₹19.87 करोड़ निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि पार्क में आधुनिक सुविधाओं का समावेश किया जा रहा है, जिसमें आकर्षक इंट्रेंस प्लाजा, सुसज्जित पाथवे, तीन रोज गार्डन, दो डीलक्स शौचालय (जन सुविधा) सहित अन्य आवश्यक संरचनाएं विकसित की जा रही हैं। अध्यक्ष महोदय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी जून माह तक इस पार्क का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा, जिससे आम जनता को एक सुंदर और पर्यावरण अनुकूल स्थल उपलब्ध हो सकेगा।
डॉ. प्रेम कुमार ने पर्यावरण संरक्षण पर विशेष बल देते हुए कहा कि पार्क परिसर में लगभग 3000 पेड़ लगाए जाएंगे, जिनमें एक-एक हजार नीम, पीपल एवं बरगद के पौधे शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त पार्क में प्रकाश व्यवस्था एवं तालाब का भी निर्माण किया जा रहा है, जिससे इसकी सुंदरता और उपयोगिता दोनों में वृद्धि होगी।
उन्होंने आगे बताया कि पार्क के समीप लगभग 40 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को चिड़ियाघर के निर्माण हेतु प्रस्तावित किया गया है, जिससे क्षेत्र के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
इस अवसर पर शंभू यादव,राजनंदन गांधी,वसंत जी परमार,शिवनारायण चंद्रवंशी,राजेश मस्तान,पप्पू निलकर,समीर चटर्जी, राकेश कुमार,शिवा मांझी,गोपाल चंद्रवंशी,अनिल गुप्ता,पम्मी सिंह,सपना पटवा सहित अन्य मौजूद रहे। पटना से कुमार गौतम की रिपोर्ट।